जनता दरबार में उमड़ी फरियादों की आवाज़, चार नए मामलों पर सीओ ने जारी किया नोटिस
रजौन (बांका)। रजौन अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को आयोजित जनता दरबार में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से जुड़े चार महत्वपूर्ण मामले सामने आए। भूमि, रास्ता और आवास से संबंधित विवादों को लेकर फरियादी अपनी शिकायतें लेकर जनता दरबार में पहुंचे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर गांव का रास्ता विवाद, जगन्नाथपुर गांव में जबरन मकान निर्माण का मामला, धोबीडीह गांव में दखल-कब्जा से जुड़ा विवाद तथा रूपसकिता गांव में रास्ता अवरोध से संबंधित मामला प्रमुख रूप से सामने आया। फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष विस्तार से रखा।
जनता दरबार में उपस्थित अंचल अधिकारी कुमारी सुषमा ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी मामलों का निष्पक्ष और शीघ्र निष्पादन किया जाएगा, ताकि आम लोगों को समय पर न्याय मिल सके।
इसके अलावा जनता दरबार में कई पुराने लंबित मामलों का भी समाधान किया गया, जिससे फरियादियों के चेहरों पर राहत और संतोष देखने को मिला। अधिकारियों की तत्परता से लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
इस मौके पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी अरविंद कुमार, राजस्व कर्मचारी गुड्डू कुमार, मुखिया संघ प्रखंड सचिव प्रवीन कुमार सिंह सहित अन्य कर्मी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
जनता दरबार के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर समाधान की दिशा में प्रशासन द्वारा किया जा रहा प्रयास क्षेत्र में सराहना का विषय बना हुआ है।
Report: Gopal Ji Kashyap
