जीसस मेरी कान्वेंट में स्वर्ण पदक विजेता अक्षय कुमार को किया गया सम्मानित
संवाददाता – विपुल कुमार मिश्रा
पटना के जमाल रोड स्थित जीसस मेरी कान्वेंट स्कूल में अध्ययनरत छात्र अक्षय कुमार को उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धि के लिए विद्यालय प्रबंधन द्वारा सम्मानित किया गया।
यह सम्मान विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री रमेश नारायण एवं सेको कई कराटे इंटरनेशनल बिहार के तकनीक सेंसई सुधीर कुमार शुक्ला के द्वारा प्रदान किया गया।
गौरतलब है कि अक्षय कुमार ने हाल ही में आयोजित बिहार स्टेट कराटे चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया था, जिससे विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
क्रिसमस के उपरांत विद्यालय परिसर में एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सभी ने अक्षय कुमार की उपलब्धि पर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय समिति एवं अभिभावकों ने कराटे प्रशिक्षक सेंसई सुधीर कुमार शुक्ला की सराहना करते हुए कहा कि उनके सतत मार्गदर्शन, अनुशासन और कठिन प्रशिक्षण का ही परिणाम है कि आज बच्चे राज्य स्तर पर सफलता हासिल कर रहे हैं।
बताते चलें कि सेंसई सुधीर कुमार शुक्ला पिछले 28 वर्षों से कराटे प्रशिक्षण दे रहे हैं। उनके प्रशिक्षण में कई खिलाड़ी ब्लैक बेल्ट हासिल कर चुके हैं और राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।
